यूपी में अगले 7 दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। शीतलहर लोगों को परेशान करेगी। पारा 1°C तक जा सकता है। शनिवार सुबह लखनऊ-कानपुर में कोहरा छाया हुआ है। यूपी में सबसे ठंडा शहर बरेली 4.6°C के साथ रिकॉर्ड हुई। अयोध्या में 5.5°C तापमान रहा। वहीं, कानपुर में 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। यहां शुक्रवार रात का तापमान 6.4°C तक लुढ़क गया।
अधिकतम तापमान भी गिरेगा
CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. SN सुनील पांडेय का कहना है,”वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते पहाड़ों में एक बार फिर भीषण बर्फबारी शुरू होने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं से तापमान में गिरावट होगी। सुबह और शाम कोहरा छाया रहेगा। दिन का तापमान अभी 23 से 25°C के बीच बना हुआ है।”
नए साल की शुरुआत ठंड के साथ
डॉ. पांडेय ने कहा, नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ होगी। फिलहाल, अभी कोई एंटी साइक्लोन नहीं बन रहा है। गंगा के मैदानी भागों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान 6 से 8°C और न्यूनतम तापमान 1 से 2°C तक जा सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बारिश की आशंका कम जताई गई है। बादलों की आवाजाही से तापमान में 1 या 2°C का उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
बरेली सबसे ठंडा शहर
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में बरेली लगातार दूसरे दिन सबसे ठंडा शहर बना हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान 4.6°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद अयोध्या का 5°C, मेरठ का 5.6°C और कन्नौज का 6°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
कब चलती है शीतलहर
सर्दी के मौसम में जब ठंडी हवाएं तेजी से चलने लगती हैं। तापमान में तेजी से गिरावट होने लगती है। तब इस स्थिति को शीतलहर कहते हैं। आसान शब्दों में कहें तो सर्दी के मौसम में जब न्यूनतम तापमान 10°C से लेकर 4-5°C नीचे चला जाता है, तो इसे शीतलहर कहा जाता है।
कानपुर में 10 साल का टूटा रिकॉर्ड
कानपुर के मौसम की बात करें, तो कानपुर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.4°C रिकॉर्ड किया गया। साल 2013 के बाद कानपुर में दिसंबर महीने में सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया। 2013 में न्यूनतम तापमान 6.5°C दर्ज किया गया था। बीते 10 वर्षों में कानपुर की रात सबसे ठंडी रही।